जन्मदिन पर नौशाद हाशमी ने पेश की अनोखी मिसाल, रक्तदान कर बांटी जिंदगी की सौगात

रक्तदान शिविर में जुटीं 50 यूनिट रक्त, युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

समाजसेवा को बनाया जन्मदिन का उद्देश्य, क्षेत्रभर में हो रही पहल की सराहना

रुड़की। आज के दौर में जहां जन्मदिन का मतलब अक्सर केक, पार्टियां और निजी समारोह बनकर रह गया है, वहीं गांव बिझौली के समाजसेवी नौशाद हाशमी ने अपने जन्मदिन को मानवता और समाजसेवा के नाम समर्पित कर एक प्रेरणादायी मिसाल पेश की। द नेशनल हेल्पिंग हैंड संस्था के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर में ग्रामीणों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 50 यूनिट रक्तदान किया।
शुक्रवार को आयोजित शिविर में सुबह से ही रक्तदाताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। नौशाद हाशमी की इस पहल ने न केवल लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया, बल्कि युवाओं को समाजहित में आगे बढ़कर कार्य करने की प्रेरणा भी दी। कई युवाओं ने पहली बार रक्तदान कर मानव सेवा का संकल्प लिया।

नौशाद हाशमी ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा जीवनदान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जिंदगी बचा सकता है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए ताकि किसी मरीज को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि शिविर में 50 यूनिट रक्त एकत्र किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के उपचार में उपयोग किया जाएगा। शिविर के दौरान सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं मोहम्मद ईनाम ने 32वीं बार रक्तदान कर सेवा और समर्पण का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उनकी इस उपलब्धि की उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि नौशाद हाशमी हमेशा सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते हैं। जन्मदिन पर रक्तदान शिविर लगाकर उन्होंने यह संदेश दिया है कि असली खुशी दूसरों के जीवन में उम्मीद जगाने और जरूरतमंदों की मदद करने में है। उनकी यह पहल निश्चित रूप से समाज के लिए प्रेरणा बनेगी और अधिक लोगों को रक्तदान जैसे पुण्य कार्य से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी। इस मौके पर रियासत, अखलाख, अमजद, मोहम्मद जावेद, दीपक कुमार, राहुल, आशा, अकरम अली, शकील अहमद, मोनू कुमार, शादाब अली, शकील अहमद, अब्दुल आदि मौजूद रहे।

Exit mobile version