NEWS

  • PublishedJune 23, 2026

सार्वजनिक सड़क पर कब्जे की कोशिश? कृष्ण कुंज विहार में गड़े लोहे के पिलरों पर बवाल!

कॉलोनीवासियों का आरोप, एक पार्षद के रिश्तेदार के मकान के बाहर रातों-रात लगाए गए पिलर, आवागमन हुआ प्रभावित

नगर आयुक्त का एक्शन, जांच के आदेश, बोले- सार्वजनिक सड़क पर लगे पिलर जल्द हटाए जाएंगे

रुड़की। दिल्ली रोड स्थित कृष्ण कुंज विहार कॉलोनी में सार्वजनिक सड़क पर लोहे के पिलर लगाए जाने को लेकर विवाद गहरा गया है। कॉलोनीवासियों ने इसे सड़क पर अवैध कब्जे की कोशिश बताते हुए नगर निगम प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में लोगों में भारी नाराजगी है और प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठ रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कॉलोनी की सार्वजनिक सड़क पर एक पार्षद के रिश्तेदार के बताए जा रहे मकान के बाहर लोहे के पिलर गाड़ दिए गए हैं। उनका कहना है कि इससे सड़क संकरी हो गई है और आम लोगों के आवागमन में परेशानी हो रही है। लोगों का आरोप है कि यह सार्वजनिक भूमि पर कब्जा करने की कोशिश है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। कॉलोनीवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि नगर निगम के एक ठेकेदार की ओर से इन पिलरों को लगाया गया है। उन्होंने मांग की है कि केवल पिलर हटाने तक कार्रवाई सीमित न रहे, बल्कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित ठेकेदार और यदि कोई अन्य जिम्मेदार व्यक्ति शामिल है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में इस तरह के अतिक्रमण के मामले बढ़ सकते हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया है। नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने बताया कि सार्वजनिक सड़क पर लोहे के पिलर लगाए जाने की शिकायत उनके संज्ञान में आई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी। यदि पिलर सार्वजनिक सड़क पर लगाए गए पाए गए तो उन्हें तत्काल हटाया जाएगा और मामले में नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
फिलहाल कॉलोनी के लोग प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि सार्वजनिक सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखना नगर निगम की जिम्मेदारी है और इस मामले में शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए।

Written By
admin

Prev Post

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »