NEWS

  • PublishedJune 21, 2026

उत्तराखंड की राजनीति में ‘जन निर्माण’ की एंट्री: सोनिया शर्मा ने बनाई नई पार्टी, उमेश कुमार ने 2027 के लिए भरी हुंकार

हजारों समर्थकों की मौजूदगी में हुआ ऐलान, भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई का दावा

हरिद्वार से 5-7 विधायक जिताने का लक्ष्य

रुड़की। उत्तराखंड की राजनीति में रविवार को एक नए राजनीतिक दल की औपचारिक एंट्री हो गई। खानपुर विधायक उमेश कुमार की पत्नी सोनिया शर्मा ने हजारों समर्थकों की मौजूदगी में ‘जन निर्माण पार्टी’ के गठन की घोषणा करते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया। दिल्ली रोड स्थित एक होटल में आयोजित भव्य कार्यक्रम में प्रदेशभर से पहुंचे समर्थकों और सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर नए राजनीतिक विकल्प के साथ चलने का संकल्प लिया।
पार्टी की अध्यक्ष सोनिया शर्मा ने कहा कि जन निर्माण पार्टी का गठन प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने और जनता को ईमानदार नेतृत्व देने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता वर्षों से पारंपरिक राजनीतिक दलों से निराश है और अब एक ऐसे मंच की जरूरत है, जो आम आदमी की आवाज को मजबूती से विधानसभा तक पहुंचा सके।
उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में भाजपा, कांग्रेस और अन्य दलों के कई प्रभावशाली नेता जन निर्माण पार्टी से जुड़ेंगे। पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा और 2027 के विधानसभा चुनाव में जन निर्माण पार्टी प्रदेश की राजनीति में तीसरे मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी।
खानपुर विधायक उमेश कुमार ने कहा कि यह केवल नई पार्टी का गठन नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार और जनविरोधी व्यवस्था के खिलाफ जन आंदोलन की शुरुआत है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरिद्वार सहित पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने वाला कोई प्रभावी नेतृत्व नहीं दिखाई देता।
उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में हरिद्वार जिले से जन निर्माण पार्टी के पांच से सात विधायक विधानसभा पहुंचेंगे, जिससे जिले की समस्याओं का प्रभावी समाधान कराया जा सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। एक समर्थक ने सोनिया शर्मा को चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया, जबकि कई लोगों ने स्मृति चिह्न और उपहार भेंट किए। कार्यक्रम का सबसे चर्चित पल तब रहा जब राव सज्जाद छह जेसीबी मशीनों के काफिले के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार को यह समझ लेना चाहिए कि उमेश कुमार के पास भी “पीला पंजा” है और उनके साथ जनता की ताकत खड़ी है।
इस अवसर पर सभासद विक्रांत चौधरी, कविता चौधरी, राव मोईन, राव सज्जाद, दंड गोविंद, नदीम, शाहबुद्दीन, सोनू, आरिफ प्रधान, भूरा, सुनीता चौधरी, देवराज तोमर सहित बड़ी संख्या में सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने जन निर्माण पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
उत्तराखंड की राजनीति में नई हलचल
जन निर्माण पार्टी के गठन ने प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। भारी भीड़, विभिन्न क्षेत्रों से आए समर्थकों की मौजूदगी और बड़े राजनीतिक दावों ने इस नए दल को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि जन निर्माण पार्टी अपने संगठनात्मक विस्तार और चुनावी दावों को जमीन पर कितना सफल बना पाती है।

Written By
admin

Prev Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »