NEWS

  • PublishedJune 26, 2026

इश्क का निकाह बना मौत की वजह, मामा ने भांजे को चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट

दो साल पहले मामा की बेटी से किया था प्रेम विवाह, बाजार में घेरकर पेट में किए ताबड़तोड़ वार; अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

रुड़की। प्रेम विवाह की रंजिश ने शुक्रवार को भगवानपुर क्षेत्र में एक युवक की जान ले ली। मामा की बेटी से निकाह करने से नाराज मामा ने बीच बाजार अपने ही भांजे पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने युवक के पेट में लगातार दो वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, कलियर क्षेत्र के गांव रोलाहेड़ी निवासी 27 वर्षीय मुसिब ने करीब दो वर्ष पहले मुजफ्फरनगर जिले के एक गांव में रहने वाली अपनी मामा की बेटी से प्रेम प्रसंग के बाद निकाह किया था। निकाह के बाद से दोनों साथ रह रहे थे। इसी बात को लेकर आरोपी मामा मुसिब से नाराज चल रहा था और दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से रंजिश बनी हुई थी।
शुक्रवार दोपहर मुसिब भगवानपुर क्षेत्र के गांव हाल्लूमजरा में सामान खरीदने पहुंचा था। वह दुकान के बाहर खड़ा था कि तभी उसका मामा वहां पहुंच गया। दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने चाकू निकालकर मुसिब के पेट में एक के बाद एक दो वार कर दिए। हमले के बाद मुसिब लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों के जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
कोतवाली प्रभारी रितेश साह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेम विवाह की रंजिश सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

Written By
admin

Prev Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »