NEWS

  • PublishedJune 18, 2026

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर का सख्त संदेश: फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार

इंस्पेक्टर मणिभूषण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों को रसूलपुर तिराहे से दबोचा

हत्या के प्रयास के मुकदमे में चल रहे थे वांछित, एक आरोपी पूर्व में जा चुका है जेल

रुड़की। हरिद्वार जिले में अपराधियों के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर की जीरो टॉलरेंस नीति लगातार असर दिखा रही है। हत्या के प्रयास और फायरिंग जैसे संगीन मामले में फरार चल रहे दो शातिर आरोपियों को गंगनहर पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
11 जून को रामपुर क्षेत्र में कुछ युवकों द्वारा घातक हथियारों से लैस होकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने और धमकी देने का मामला सामने आया था। पीड़ित अफजाल की तहरीर पर गंगनहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
एसपी ग्रामीण और सीओ रुड़की के पर्यवेक्षण में कोतवाली गंगनहर प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण ने विशेष पुलिस टीम गठित की। टीम ने लगातार साक्ष्य जुटाए, संभावित ठिकानों पर दबिश दी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी क्रम में गुरुवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने रसूलपुर तिराहे के पास से वांछित आरोपी नदीम पुत्र शमीम निवासी पुहाना थाना भगवानपुर तथा शमशेर पुत्र मुर्तजा निवासी खाताखेड़ी थाना झबरेड़ा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर ली है। लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रहे एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व और इंस्पेक्टर मणिभूषण की सक्रिय कार्यशैली की क्षेत्र में सराहना हो रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा। ऐसी त्वरित कार्रवाई से आमजन का पुलिस पर विश्वास मजबूत हुआ है, जबकि अपराधियों में कानून का खौफ साफ दिखाई दे रहा है।

Written By
admin

Prev Post

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »