
*यूपी एसटीएफ में रुड़की में आज अलग-अलग छापेमारी कर दो संदिग्धों को लिया हिरासत में, बैंक खातों में बाहर से हो रही थी फंडिंग।*
रुड़की के ढंडेरा निवासी मुशर्रफ को यूपी एसटीएफ के द्वारा आज गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि मुशर्रफ के लिंक पाकिस्तान से जुड़े हुए थे और यूपी में बड़े धमाके की साजिश थी इसमें तीन और युवक शामिल थे। एजेंसियां पिछले कुछ समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थीं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और वीडियो कॉलिंग एप के माध्यम से पाकिस्तानी हैंडलर्स से लगातार संपर्क में था। एजेंसियों को संदेह है कि नेटवर्क का मकसद युवाओं को जोड़कर देश के भीतर स्लीपर सेल को मजबूत करना था। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि मुशर्रफ कभी कभी गांव में आया करता था। ग्रामीण कुछ ज्यादा बोलने से बचते नज़र आये।
एटीएस सूत्रों के अनुसार आरोपियों पर देश के संवेदनशील स्थानों की रेकी करने और महत्वपूर्ण जानकारियां पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स तक पहुंचाने का आरोप है। शुरुआती पूछताछ में कई अहम सुराग मिलने का दावा किया गया है। जांच एजेंसियां आरोपियों के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट, चैट हिस्ट्री और डिजिटल उपकरणों की गहन जांच कर रही हैं।
सूत्रों का कहना है कि सहारनपुर निवासी महकाब और गगनदीप उर्फ गुरी सिंह की मुलाकात मार्च महीने में नोएडा में हुई थी। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आतंकी गतिविधियों के लिए हथियारों की व्यवस्था करने की कोशिश कर रहे थे। इसके बाद पूरे नेटवर्क पर निगरानी बढ़ाई गई और संयुक्त कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
वहीं दूसरी और यूपी एसटीएफ ने कलियर थाना क्षेत्र के आसफ नगर गांव से एक युवती को भी गिरफ्तार किया है जिसके बैंक खाते में बाहर से फंडिंग की जा रही थी। एसटीएफ ने कई घंटे छानबीन के बाद संदिग्ध युवती को हिरासत में लिया है।