

एसएसपी के भरोसे पर खरी उतरी गंगनहर पुलिस, चोर गैंग का पर्दाफाश, 51 मोबाइल और 11 दोपहिया वाहन बरामद
इंस्पेक्टर मणि भूषण श्रीवास्तव और एसएसआई दीप कुमार की रणनीति लाई रंग, अपराधियों पर कसा शिकंजा
एसएसपी नवनीत भुल्लर बोले- गंगनहर कोतवाली पुलिस ने किया शानदार काम, पूरी टीम को मिलेगा पुरस्कार
रुड़की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के भरोसे पर गंगनहर कोतवाली पुलिस पूरी तरह खरी उतरी है। बीते कुछ दिनों में गंगनहर पुलिस ने एक के बाद एक बड़ी सफलताएं हासिल कर न सिर्फ अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया, बल्कि चोरी और गुम हुए लाखों रुपये के सामान को भी बरामद कर लोगों का विश्वास जीतने का काम किया है। सुनार की दुकान में हुई चोरी का खुलासा, बाइक चोर गिरोह की गिरफ्तारी और करीब 20 लाख रुपये कीमत के 51 मोबाइल फोन बरामद कर गंगनहर पुलिस ने अपनी कार्यकुशलता का लोहा मनवाया है।
गंगनहर कोतवाली में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि इंस्पेक्टर मणि भूषण श्रीवास्तव और एसएसआई दीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने बेहद पेशेवर तरीके से काम करते हुए महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरी टीम को सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा।
एसएसपी ने बताया कि तीन जून को पूर्वी अंबर तालाब क्षेत्र में विनोद खन्ना की सर्राफा दुकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। घटना के खुलासे के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने रुड़की से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। लगातार मेहनत के बाद पुलिस ने मंगलवार रात बागपत जिले से अंतरराज्यीय चोर गिरोह के सदस्य शाहिन पुत्र शाहआलम निवासी शहीदनगर जवाहर पार्क, थाना साहिबाबाद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषणों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ, जिसमें हार, मांग टीका, झुमके, बालियां, ताबीज, कंगन, चेन, लॉकेट, पाजेब समेत अन्य कीमती जेवरात शामिल हैं।
वहीं, बाइक चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में भी गंगनहर पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पनियाला तिराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया। दोनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने कई बाइक चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर एक स्कूटी और दस चोरी की बाइकें बरामद की गईं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अय्यान पुत्र नसीम अहमद निवासी माधोपुर और अजय पुत्र मांगेराम निवासी नगला कुबड़ा, झबरेड़ा के रूप में हुई है।
इसके अलावा गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में भी गंगनहर कोतवाली पुलिस और सीआईयू टीम ने उल्लेखनीय कार्य किया। तकनीकी सर्विलांस और लोकेशन ट्रैकिंग के माध्यम से करीब 20 लाख रुपये कीमत के 51 मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए, जिससे लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि गंगनहर कोतवाली पुलिस ने कम समय में कई बड़े मामलों का सफल खुलासा कर बेहतरीन पुलिसिंग का उदाहरण पेश किया है। उन्होंने पूरी टीम की पीठ थपथपाते हुए कहा कि ऐसे कार्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करते हैं। जल्द ही इस उत्कृष्ट कार्य के लिए टीम को सम्मानित किया जाएगा।