NEWS

  • PublishedJune 12, 2026

सीपीयू की मुस्तैदी से दौड़ा ट्रैफिक! कड़ी धूप में डटकर संभाली व्यवस्था

एसआई मनोज शर्मा के नेतृत्व में फ्लाईओवर पर सख्ती, भारी वाहनों को अंडरपास से कराया गया रवाना

वीकेंड जाम से राहत दिलाने को पुलिस का विशेष प्लान लागू, तीन दिन रहेगी व्यवस्था

रुड़की। रुड़की-मंगलौर बाईपास पर वीकेंड के दौरान संभावित जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए सीपीयू और पुलिस की मुस्तैदी शुक्रवार को साफ नजर आई। तेज धूप और उमस के बावजूद सीपीयू के जवान पूरे दिन सड़क पर डटे रहे और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा। उनकी सक्रियता के चलते भारी वाहनों का संचालन व्यवस्थित ढंग से कराया गया और कहीं भी लंबा जाम नहीं लगने दिया गया।
शुक्रवार सुबह से ही नगला इमरती फ्लाईओवर और अंडरपास के एंट्री प्वाइंट्स पर सीपीयू, स्थानीय पुलिस, अर्द्धसैनिक बल और होमगार्ड के जवानों को तैनात किया गया था। सीपीयू के एसआई मनोज शर्मा के नेतृत्व में टीम ने रूट प्लान को सख्ती से लागू कराया। फ्लाईओवर से केवल दोपहिया और चारपहिया वाहनों को गुजरने की अनुमति दी गई, जबकि सभी भारी वाहनों को अंडरपास की ओर मोड़ दिया गया।
दोपहर के समय जब तापमान अपने चरम पर था, तब भी सीपीयू और पुलिसकर्मी पूरी तत्परता के साथ ड्यूटी निभाते रहे। जवान लगातार वाहनों को दिशा-निर्देश देते रहे और यातायात को नियंत्रित करते रहे। उनकी मेहनत का असर यह रहा कि बाईपास पर यातायात सामान्य बना रहा और वाहन चालकों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि वीकेंड पर बढ़ने वाले ट्रैफिक दबाव को देखते हुए यह विशेष रूट प्लान तैयार किया गया है। शनिवार से सोमवार तक भारी वाहनों को फ्लाईओवर पर चढ़ने की अनुमति नहीं होगी और उन्हें अंडरपास से ही गुजरना होगा। व्यवस्था के प्रभावी संचालन के लिए फ्लाईओवर पर सीपीयू और स्थानीय पुलिस तथा अंडरपास पर होमगार्ड के जवान तैनात किए गए हैं।
स्थानीय लोगों ने भी कड़ी धूप में सड़क पर डटे पुलिसकर्मियों और सीपीयू जवानों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत से यातायात व्यवस्था बेहतर हुई है और जाम की समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण पाया गया है।

Written By
admin

Prev Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »