चावमंडी में कारोबारी की कार पर तीन राउंड फायरिंग, बाल-बाल बचा युवक

चावमंडी में कारोबारी की कार पर तीन राउंड फायरिंग, बाल-बाल बचा युवक
कार सवार हमलावर ने पिस्टल से झोंकी गोलियां, कार का पिछला शीशा चटका; तहरीर के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के चावमंडी में मंगलवार रात उस समय दहशत फैल गई, जब कार सवार एक हमलावर ने सुभाषनगर निवासी कारोबारी की कार पर कथित तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग के दौरान कारोबारी ने कार के पीछे छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई। फायरिंग में एक गोली कार के पिछले शीशे में लगी, जिससे शीशा चटक गया। घटना के बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गया। कारोबारी की मां ने गंगनहर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गोली चलते ही कार के पीछे छिपा कारोबारी
सुभाषनगर निवासी सविता चौधरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा रवि चौधरी मंगलवार रात कार से बाजार जा रहा था। चावमंडी स्थित गोशाला के पास उसे उसका चचेरा भाई मिल गया। रवि कार से उतरकर अपने चचेरे भाई से बातचीत करने लगा।
तहरीर के अनुसार, इसी दौरान रंजिश रखने वाला एक युवक कार से वहां पहुंचा और पिस्टल से तीन राउंड फायरिंग कर दी। अचानक गोलियां चलने पर रवि ने कार के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। इस दौरान एक गोली कार के पिछले हिस्से के शीशे में लगी, जिससे शीशा चटक गया। घटना के बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गया।
पहले भी कार में तोड़फोड़ का आरोप
सविता चौधरी ने तहरीर में आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले भी इसी युवक ने सिविल लाइंस बाजार में उनकी कार में तोड़फोड़ की थी। उन्होंने दावा किया कि यह घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई थी। महिला ने आरोपी पर अवैध हथियार रखने का आरोप लगाते हुए अपने परिवार को जान-माल का खतरा बताया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूत्रों के मुताबिक, तहरीर मिलने के बाद गंगनहर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस रंजिश समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
आरोपी पर पिता की हत्या के मामले में जेल जाने का भी दावा
कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोपी युवक के संबंध में एक और गंभीर दावा किया गया है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, आरोपी पूर्व में अपने पिता की हत्या के मामले में जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर बताया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस स्तर से पुष्टि होना अभी बाकी है। पुलिस फायरिंग की घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है।
पहले हुए हत्याकांड का भी दिया जा रहा हवाला
सूत्रों का कहना है कि कुछ समय पहले गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में भी एक गंभीर हत्याकांड सामने आया था, जिसमें एक आरोपी पर अपनी दो सगी बहनों और जीजा पर फायरिंग करने का आरोप लगा था। इस घटना में आरोपी की दो बहनों की मौत हो गई थी।
सूत्रों के मुताबिक, उक्त मामले में भी घटना से पहले आरोपी के खिलाफ पुलिस तक शिकायत पहुंचने की बात सामने आई थी। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
वर्तमान मामले में पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी के व्यवहार और पूर्व की घटनाओं को लेकर पुलिस को पहले भी जानकारी दी गई थी, लेकिन उनके अनुसार कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परिवार ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ी घटना हो सकती है।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। अब देखने वाली बात होगी कि फायरिंग की इस घटना में पुलिस जांच के बाद क्या तथ्य सामने आते हैं और आरोपों की किस स्तर तक पुष्टि होती है।




