रक्तदान की आड़ में चल रहे अवैध खेल का खुलासा, लक्सर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रक्तदान की आड़ में चल रहे अवैध खेल का खुलासा, लक्सर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
बिना अनुमति गांव-देहात में लगाए जा रहे थे ब्लड डोनेशन कैंप, 27 यूनिट रक्त समेत ब्लड कलेक्शन उपकरण बरामद
दो वाहनों से रक्त संग्रह से संबंधित सामान, डोनर चेयर, फॉर्म बुक और अमृत चैरिटेबल ब्लड सेंटर के 28 प्रमाणपत्र बरामद
पांच आरोपी हिरासत में, ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज
लक्सर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली लक्सर पुलिस ने अवैध रूप से ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित कर रक्त एकत्रित करने के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है। मौके से 27 यूनिट रक्त, 27 खाली ब्लड बैग, रक्त संग्रह एवं जांच से संबंधित उपकरण तथा दो वाहन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को कोतवाली लक्सर पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति संगठित रूप से गांव-देहात के क्षेत्रों में बिना आवश्यक अनुमति के ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित कर लोगों से रक्त एकत्रित कर रहे हैं। आरोप है कि एकत्रित रक्त को अधिकृत ब्लड बैंक में जमा कराने के बजाय अन्य राज्यों में अवैध रूप से ऊंचे दामों पर बेचने का प्रयास किया जा रहा था।
सूचना मिलते ही चौकी सुल्तानपुर प्रभारी उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह नेगी ने तत्काल क्षेत्र में तलाश शुरू की और चौकी भिक्कमपुर प्रभारी उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी को भी मामले की जानकारी दी। पुलिस टीम ने अलावलपुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान स्विफ्ट कार संख्या UK-08-BL-3257 की डिग्गी से एक आइस बॉक्स बरामद हुआ, जिसमें 27 यूनिट रक्त और 27 खाली ब्लड बैग रखे हुए थे। इसके अलावा ब्लड यूनिट की जांच एवं माप तथा रक्त संग्रह से संबंधित उपकरण भी बरामद किए गए।
वहीं स्कॉर्पियो एन कार संख्या UP-20-CD-8085 की तलाशी में चार ब्लड डोनर चेयर, डोनर फॉर्म बुक, वेट मशीन, अमृत चैरिटेबल ब्लड सेंटर के 28 प्रमाणपत्र, स्लाइड का डिब्बा और हाथ बांधने वाली चार बेल्ट बरामद हुईं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा गांव-देहात में बिना आवश्यक अनुमति अथवा लाइसेंस के ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित किए जा रहे थे। इन कैंपों में लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित कर रक्त एकत्रित किया जाता था। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी विस्तृत जांच कर रही है।
मामले में कोतवाली लक्सर पर मु0अ0सं0 829/2026 के तहत धारा 18(सी), 27 ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट एवं धारा 316(1) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया है। हिरासत में लिए गए आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार/हिरासत में लिए गए आरोपी
अनित सैनी, पुत्र राजेश कुमार, निवासी फतवा, थाना लक्सर, हरिद्वार।
शुभम कुमार, पुत्र जीतराम, निवासी ग्राम माड़ा बेला, पोस्ट चन्दपुरी कला, थाना खानपुर, हरिद्वार।
दुष्यन्त कुमार, पुत्र मदनलाल सैनी, निवासी सुरेन्द्र नगर कॉलोनी, आवास विकास, थाना कोतवाली सदर, बिजनौर, उत्तर प्रदेश।
कावेन्द्र कुमार, पुत्र विजयपाल सिंह, निवासी निकट सद्भावना अस्पताल, हरतला, थाना सिविल लाइन, मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश।
दया सिंह, पुत्र ओमकार सिंह, निवासी ग्राम ईसमपुर ढाणा, थाना गीनौर, जनपद सम्भल, उत्तर प्रदेश।
बरामदगी
27 यूनिट रक्त
27 खाली ब्लड बैग
बीपी मशीन — 01
एचबी मशीन — 01
ब्लड ग्रुप जांच संबंधी सामग्री
डोनर फॉर्म बुक — 01
अमृत चैरिटेबल ब्लड सेंटर के प्रमाणपत्र — 28
स्लाइड का डिब्बा — 01
हाथ बांधने वाली बेल्ट — 04
वेट मशीन — 01
ब्लड डोनर चेयर — 04
ब्लड यूनिट मापने वाली वेट मशीन — 01
स्विफ्ट कार संख्या UK-08-BL-3257
स्कॉर्पियो एन कार संख्या UP-20-CD-8085
पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, व0उ0नि0 नितिन चौहान, उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह नेगी, उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी, कांस्टेबल किशोर नेगी, कांस्टेबल जगत सिंह, कांस्टेबल राजेन्द्र बिष्ट, कांस्टेबल अरविन्द चौहान, कांस्टेबल ध्वजवीर सिंह एवं कांस्टेबल दिगम्बर सिंह शामिल रहे।
SSP हरिद्वार ने कहा कि रक्तदान जैसे पवित्र कार्य की आड़ में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




