अमरोहा स्थित फार्म हाउस पर बिना अनुमति प्रवेश का आरोप,

फार्म हाउस में युवती से दुष्कर्म के आरोपों पर विधायक उमेश कुमार का स्पष्टीकरण
अमरोहा स्थित फार्म हाउस पर बिना अनुमति प्रवेश का आरोप,
केयरटेकर को धमकाने की बात कही; पुलिस और आला अधिकारियों को दी तहरीर
रुड़की। हरिद्वार जिले की खानपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के अमरोहा स्थित फार्म हाउस पर हरियाणा की एक युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद विधायक ने पत्रकार वार्ता कर अपना पक्ष रखा है। विधायक ने पूरे प्रकरण से खुद और अपने कर्मचारियों का कोई संबंध होने से इनकार किया है।
उमेश कुमार ने कहा कि जिस समय फार्म हाउस पर कथित घटना हुई, उस दौरान वहां पहुंचे लोगों ने उनकी अनुमति नहीं ली थी। उनका आरोप है कि संबंधित लोग फार्म हाउस के केयरटेकर को कथित तौर पर डराकर और धमकाकर जबरन अंदर प्रवेश कर गए थे।
विधायक के मुताबिक, फार्म हाउस में प्रवेश करने वाले लोगों ने केयरटेकर से कहा था कि केंद्र की ओर से कुछ वीआईपी मूवमेंट है और उन्हें कुछ समय के लिए वहां रुकना है। विधायक ने दावा किया कि इन लोगों में स्थानीय कोतवाली क्षेत्र का एक कोतवाल तथा सीआरपीएफ से जुड़े अधिकारी भी शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
उमेश कुमार ने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने तत्काल पुलिस के आला अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया। साथ ही स्थानीय पुलिस को भी तहरीर दी गई है। तहरीर में कथित तौर पर फार्म हाउस में जबरन प्रवेश किए जाने और केयरटेकर को धमकाने का उल्लेख किया गया है।
विधायक ने उन सवालों पर भी सफाई दी, जिनमें यह पूछा जा रहा है कि उनकी अनुपस्थिति में संबंधित लोग फार्म हाउस में कैसे पहुंचे। उनका कहना है कि किसी को भी उनकी अनुमति से फार्म हाउस में प्रवेश नहीं दिया गया था, बल्कि केयरटेकर को कथित तौर पर धमकाकर जबरन प्रवेश किया गया।
फिलहाल पूरे मामले में पुलिस जांच और सामने आए आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।




