चाकू से गला काटकर फेंका शव

प्रेम में मां बनी रोड़ा तो बेटी ने प्रेमी संग रची हत्या की साजिश, चाकू से गला काटकर फेंका शव
18 घंटे में मंगलौर पुलिस ने खोला हत्याकांड का राज, बेटी और प्रेमी गिरफ्तार
रुड़की,मंगलौर! प्रेम प्रसंग में मां के विरोध से नाराज बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी ही मां की हत्या की साजिश रच डाली। दोनों ने महिला को ब्रेजा कार में बैठाया और रास्ते में चाकू से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को मंगलौर नहर पुल के पास फेंककर फरार हो गए। मंगलौर पुलिस ने महज 18 घंटे में हत्याकांड का खुलासा करते हुए बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार और चाकू भी बरामद किया है।
18 अगस्त को पुराना मंगलौर नहर पुल के पास एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। प्रभारी निरीक्षक भगवान महर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्य जुटाए। शव को शिनाख्त के लिए रुड़की मोर्चरी भेजा गया। बाद में अरविंद निवासी ओली माजरा, बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर ने शव की पहचान अपनी पत्नी कविता के रूप में की।
घटना के खुलासे के लिए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश और एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के कुशल मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी मंगलौर के पर्यवेक्षण में चार पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश और जांच के साथ करीब 216 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में ब्रेजा कार संख्या UP14EZ-5346 संदिग्ध दिखाई दी। इसके बाद लिंक मार्गों पर निगरानी और चेकिंग बढ़ाई गई।
जांच में सामने आया कि मृतका की बेटी उन्नति का आकाश चौहान के साथ प्रेम प्रसंग था। मां इस रिश्ते का विरोध कर रही थी। पुलिस के मुताबिक इसी वजह से उन्नति ने प्रेमी आकाश के साथ मिलकर मां की हत्या की साजिश रची। दोनों महिला को ब्रेजा कार में बैठाकर ले गए और रास्ते में उसकी हत्या कर दी।
-------
प्रेमी के साथ मिलकर मां को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार एक आरोपी ने महिला को पकड़ा और दूसरे ने चाकू से उसका गला काट दिया। इसके बाद शव मंगलौर नहर पुल के पास फेंक दिया गया। पुलिस ने उन्नति पुत्र अरविंद निवासी ओली माजरा, बुढ़ाना और आकाश चौहान पुत्र रविंद्र निवासी दूल्हेड़ा, पल्लवपुरम, मेरठ को गिरफ्तार किया है।
--------
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक भगवान महर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुखपाल मान, उपनिरीक्षक जगमोहन रमोला, उपनिरीक्षक अशोक सिरस्वाल, उपनिरीक्षक नितिन बिष्ट, उपनिरीक्षक कलकांत रतूड़ी, महिला उपनिरीक्षक नीलम, हेड कांस्टेबल शूरबीर, कांस्टेबल रणवीर, कांस्टेबल मनीष, महिला कांस्टेबल अंजू और महिला कांस्टेबल मधु शामिल रहे। जांच में सीआईयू रुड़की और फोरेंसिक टीम ने भी तकनीकी एवं वैज्ञानिक सहायता दी।
-------
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार UP14EZ-5346 और आला कत्ल चाकू बरामद कर लिया है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।




