ऑनलाइन कारोबार में रिटर्न के नाम पर ‘गोलमाल’ का आरोप

ऑनलाइन कारोबार में रिटर्न के नाम पर ‘गोलमाल’ का आरोप, व्यापारी ने कंपनी पर उठाए सवाल
अच्छी कंडीशन में भेजा सामान, रिटर्न में बदला हुआ या अधूरा सामान मिलने का आरोप
कई बार शिकायत के बावजूद समाधान नहीं होने से लाखों रुपये के नुकसान का दावा
रुड़की। ऑनलाइन कारोबार करने वाले एक व्यापारी ने संबंधित कंपनी पर गंभीर आरोप लगाते हुए रिटर्न प्रक्रिया में गड़बड़ी किए जाने की शिकायत की है। व्यापारी का आरोप है कि उनके द्वारा ग्राहकों को भेजा जाने वाला सामान अच्छी कंडीशन में और पूरी तरह सही-सलामत होता है, लेकिन जब वही सामान रिटर्न होकर वापस आता है तो कई बार उसकी जगह दूसरा और खराब सामान भेज दिया जाता है। कुछ मामलों में सामान अधूरा या गायब होने का भी आरोप लगाया गया है।
ऑनलाइन कारोबारी मोहम्मद आरिफ और उनके सहयोगियों का कहना है कि उनकी ओर से कंपनी के माध्यम से ग्राहकों को भेजा जाने वाला सामान पैकिंग से पहले अच्छी तरह जांचा जाता है। सामान की स्थिति भी ठीक रहती है। उनका आरोप है कि परेशानी उस समय सामने आती है, जब ग्राहक की ओर से सामान रिटर्न किए जाने के बाद पैकेट उनके पास पहुंचता है। पैकेट खोलने पर कई बार उसमें भेजा गया मूल सामान नहीं मिलता और उसकी जगह कोई दूसरा सामान या खराब हालत में वस्तु दिखाई देती है।
व्यापारियों का कहना है कि कुछ रिटर्न में सामान पूरा भी नहीं होता। उनका आरोप है कि कई बार उन्हें ऐसा सामान वापस मिला, जिसकी बिक्री के लिए उनके द्वारा संबंधित कंपनी की आईडी तक इस्तेमाल नहीं की जाती। ऐसे मामलों में व्यापारियों को समझ नहीं आता कि उनके पास वह सामान किस तरह वापस पहुंच गया।
मोहम्मद आरिफ ने बताया कि इस संबंध में कंपनी से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। व्यापारियों का दावा है कि रिटर्न के मामलों में हो रही गड़बड़ी के कारण उन्हें लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और यह नुकसान लाखों रुपये तक पहुंच चुका है।
व्यापारियों ने आशंका जताई कि रिटर्न प्रक्रिया के दौरान गोदाम स्तर पर सामान की अदला-बदली की जा सकती है। उनका आरोप है कि अच्छी कंडीशन वाला सामान अलग रखकर उसकी जगह खराब या अलग सामान व्यापारियों को भेजा जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
व्यापारियों ने कंपनी से रिटर्न प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित मामलों की जांच कर जिम्मेदारी तय करने और कारोबारियों को हुए नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि ऑनलाइन कारोबारियों द्वारा लगाए जा रहे इन गंभीर आरोपों पर कंपनी क्या कार्रवाई करती है और रिटर्न प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी पर कब तक रोक लगती है। यह आने वाला समय ही बताएगा।




