पंजाब जाएगी पुलिस टीम नशे के पूरे नेटवर्क पर शिकंजा

हेरोइन मामले में बड़े खुलासे के संकेत! पंजाब तक जाएगी हरिद्वार पुलिस,नशे के नेटवर्क की हर कड़ी खंगालने में जुटी टीम
"980 ग्राम हेरोइन केस में बड़ा खुलासा!"
पंजाब जाएगी पुलिस टीम
नशे के पूरे नेटवर्क पर शिकंजा
रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के लाठरदेवा अंडरपास के पास 980 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़े गए पंजाब निवासी कथित नशा तस्कर से पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आने की चर्चा है। पुलिस अब आरोपी से मिले हर इनपुट पर गंभीरता से काम कर रही है और नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की रणनीति पर जुट गई है।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर हरिद्वार पुलिस की एक टीम जल्द ही पंजाब के तरनतारण के लिए रवाना हो सकती है। माना जा रहा है कि वहां से इस पूरे नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आखिर आरोपी को हेरोइन किस तस्कर ने उपलब्ध कराई और इस गिरोह में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस की जांच अब इस बात पर भी केंद्रित है कि पंजाब से रुड़की तक हेरोइन कैसे पहुंचती थी और रुड़की से आगे किन-किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जाती थी। जांच एजेंसियां सप्लाई चेन की प्रत्येक कड़ी को जोड़कर पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में लगी हैं।
सूत्र बताते हैं कि मोबाइल कॉल डिटेल, संपर्कों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस मामले में जल्द ही कुछ और बड़े खुलासे हो सकते हैं और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी संभव है।
हालांकि, पुलिस अधिकारियों की ओर से अभी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। जांच जारी है और अधिकारी हर पहलू पर बारीकी से काम कर रहे हैं। यदि जांच में मिले सुराग सही साबित होते हैं तो हरिद्वार पुलिस नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश कर सकती है।



