हरिद्वार से रुड़की तक कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण

कांवड़ से पहले अफसर सड़क पर! DM-SSP ने ग्राउंड जीरो पर कसी नकेल, 25 जुलाई तक हर कमी दूर करने का अल्टीमेटम
हरिद्वार से रुड़की तक कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण, सड़क, बैरिकेडिंग, सफाई, ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्थाओं की परखी हकीकत
डीएम बोले- 25 जुलाई तक पूरा हो हर अधूरा काम, एसएसपी ने श्रद्धालुओं से नियमों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करने की अपील की
रुड़की। कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने मंगलवार को हरिद्वार से लेकर धनोरी, पिरान कलियर और रुड़की तक पूरे कांवड़ मार्ग का ग्राउंड जीरो निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने सड़क, बैरिकेडिंग, सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन समेत सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और जहां भी कमियां मिलीं, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ मेले से जुड़े सभी अधूरे कार्य हर हाल में 25 जुलाई तक पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों शिवभक्त हरिद्वार पहुंचेंगे, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश भी दिए। डीएम ने बताया कि पूरे कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्यों की पहचान कर ली गई है। जहां ट्रैफिक का अधिक दबाव रहने की संभावना है, वहां पहले से ही डायवर्जन प्लान तैयार किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े।
वहीं एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि निरीक्षण के दौरान जिन स्थानों पर कमियां मिली हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में कांवड़िए कांवड़ पटरी के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग का भी उपयोग करते हैं। ऐसे में सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
एसएसपी ने सभी श्रद्धालुओं से प्रशासन का सहयोग करने, निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षा निर्देशों का अनुसरण करने की अपील की। प्रशासन का दावा है कि कांवड़ मेला-2026 को सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं और हर व्यवस्था को समय रहते दुरुस्त किया जा रहा है।




