माइनिंग टीम पर हमला करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, फरारी के बाद पुलिस ने दबोचा

माइनिंग टीम पर हमला करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, फरारी के बाद पुलिस ने दबोचा
वीडियो वायरल होने के बाद लगातार बदल रहे थे ठिकाने, कई स्थानों पर दबिश के बाद मिली सफलता
सरेराह जानलेवा हमले के मामले में कार्रवाई, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
लक्सर। माइनिंग टीम पर सरेराह जानलेवा हमला करने के मामले में लक्सर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आया था। पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात के बाद लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे, लेकिन कई दिनों तक चली ताबड़तोड़ छापेमारी के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई 2026 को केआरबीएमएलपी (KRBMLP) की फील्ड टीम के इंचार्ज तेजा साई, निवासी नागार्जुन नगर, आंध्र प्रदेश (हाल निवासी लक्सर), ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर बताया था कि ग्राम मुण्डाखेड़ा में ड्यूटी के दौरान माइनिंग टीम पर जान से मारने की नीयत से हमला किया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक लक्सर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी, लेकिन सभी आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे। आखिरकार 21 जुलाई को पुलिस ने छापेमारी कर घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक कुमार पुत्र श्यामलाल निवासी रायसी, सारुन पुत्र शराफत निवासी केडी खुर्द, रामू पुत्र जगपाल निवासी कंकरखाता तथा हरविन्द्र पुत्र ललित पंवार निवासी मुण्डाखेड़ा खुर्द, थाना लक्सर के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को अवैध खनन से जुड़े मामलों में पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।




