गुमशुदगी का खुला राज: चारों ने मिलकर की अंकित की हत्या,

गुमशुदगी का खुला राज: चारों ने मिलकर की अंकित की हत्या, बाइक समेत गंगा में फेंका शव
खनन की मुखबिरी से आर्थिक नुकसान और पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह, एसडीआरएफ ने गंगा से शव और बाइक बरामद की
कारोबार में नुकसान और पुरानी रंजिश के चलते अंकित चौहान की हत्या, बाइक समेत शव गंगा में डुबोया
रुड़की । शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान की गुमशुदगी का मामला पुलिस ने सुलझाते हुए सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक कारोबार में नुकसान और पुरानी रंजिश के चलते चार लोगों ने रास्ते में रोककर अंकित की हत्या कर दी और शव को उसकी बाइक के साथ बांधकर गंगा नदी में डुबो दिया। पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपित अंकित चौहान उर्फ फौजी पूर्व में भी खानपुर थाना क्षेत्र में हत्या के मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस के अनुसार 2-3 अगस्त की रात अंकित चौहान बाइक से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में अचानक उसका मोबाइल बंद हो गया और वह लापता हो गया। परिजनों की शिकायत पर कोतवाली लक्सर में गुमशुदगी दर्ज की गई। मामला गंभीर होने पर एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मोबाइल टावरों की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए मैनुअल पुलिसिंग शुरू की। जांच में सामने आया कि अंकित की गांव के ही सचिन, मेहकार, कुलवंत और अंकित उर्फ फौजी से रंजिश चल रही थी। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपितों ने हत्या की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि अंकित उनकी ट्रैक्टर-ट्राली के खनन की गतिविधियों की मुखबिरी करता था, जिसके चलते उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा था। इसी रंजिश में उन्होंने उसे रास्ते में रोककर हत्या कर दी। इसके बाद शव को शिवपुरी गांव के पास खुसरो की ठोकर से बाइक के साथ बांधकर गंगा में डुबो दिया।
आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने एसडीआरएफ और गोताखोरों की मदद से गंगा नदी में तलाश अभियान चलाया। अथक प्रयासों के बाद पुलिस ने मृतक का शव और उसकी बाइक बरामद कर ली। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में हत्या समेत अन्य धाराएं बढ़ाई गई हैं। पुलिस आरोपितों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
------
ये गिरफ्तार हुए आरोपी
1. सचिन पुत्र पवन, निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वार
2. मेहकार पुत्र पवन, निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वार
3. कुलवंत पुत्र कल्लू, निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वार
4. अंकित चौहान उर्फ फौजी पुत्र सुरेश पाल, निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वार
-------
बरामदगी
- मृतक का शव
- मृतक की मोटरसाइकिल
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी, एसएसआई नितिन चौहान, चौकी प्रभारी रायसी राजीव उनियाल, चौकी प्रभारी भीकमपुर यशवीर नेगी समेत कांस्टेबल अरविंद, ध्वजवीर, हिमांशु चौधरी, मुकेश, अनूप पोखरियाल, सुरेश तथा हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह और रविंद्र शामिल रहे।




