कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होने के बाद राष्ट्र एकता, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

Writing
नमामि गंगे घाट पर पुलिस-सेना का संयुक्त स्वच्छता अभियान, 6 टन कचरा किया एकत्र
कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होने के बाद राष्ट्र एकता, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
हरिद्वार,रुड़की। कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होने के उपरांत शुक्रवार प्रातः नमामि गंगे घाट पर हरिद्वार पुलिस एवं भारतीय सेना की सिख रेजिमेंट आर्टिलरी, रायवाला के संयुक्त तत्वावधान में विशेष स्वच्छता अभियान एवं देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सिख रेजिमेंट आर्टिलरी के कमांडेंट ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ, जिससे पूरा घाट परिसर देशभक्ति की भावना से गूंज उठा।
ध्वजारोहण के पश्चात गंगा नदी को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने और आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में हरिद्वार पुलिस के जवानों, सिख रेजिमेंट आर्टिलरी के सैनिकों और स्थानीय स्वयंसेवकों ने कंधे से कंधा मिलाकर सहभागिता की।
करीब 6 टन कचरा किया एकत्र
संयुक्त अभियान के दौरान नमामि गंगे घाट एवं आसपास के तटवर्ती क्षेत्रों से करीब 6 टन कचरा एकत्र किया गया। इसमें प्लास्टिक, सूखा और गीला कचरा शामिल था। एकत्रित कचरे को उचित निस्तारण के लिए भेजा गया।
पुलिस-सेना ने दिया एकता का संदेश
संयुक्त स्वच्छता अभियान के माध्यम से हरिद्वार पुलिस और भारतीय सेना ने आपसी समन्वय, राष्ट्र एकता, नागरिक कर्तव्य और पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश दिया। अभियान में जवानों के साथ स्थानीय नागरिकों की सहभागिता ने स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत किया।
कमांडेंट ने दिलाया स्वच्छता का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान सिख रेजिमेंट आर्टिलरी के कमांडेंट ने जवानों एवं उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि नदियों और सार्वजनिक धरोहरों को स्वच्छ रखना हम सभी का राष्ट्रीय दायित्व है। सेना और पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से किया गया यह प्रयास समाज में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
हरिद्वार पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने सफल अभियान के लिए सिख रेजिमेंट आर्टिलरी, रायवाला तथा स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों में निरंतर सहभागिता और सहयोग का संकल्प दोहराया गया।
“स्वच्छ गंगा—निर्मल गंगा, स्वच्छ भारत—सशक्त भारत।”





