पटाखों की जगह पति-पत्नी ने रिवाल्वर से फायरिंग कर मनाई दिवाली

दिवाली पर कांग्रेस के युवा नेता ने रिवाल्वर से की हवाई फायरिंग, पत्नी को भी थमाया हथियार; वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
पटाखों की जगह पति-पत्नी ने रिवाल्वर से फायरिंग कर मनाई दिवाली, वीडियो वायरल होने के बाद शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म
रुड़की। दिवाली को खुशियों और आपसी भाईचारे का त्योहार माना जाता है। इस दिन लोग परिवार और दोस्तों के साथ मिलकर खुशियां मनाते हैं। कोई घरों को रोशनी से सजाता है तो कोई आतिशबाजी कर त्योहार की खुशियों में चार चांद लगाता है। लेकिन रुड़की में कांग्रेस के एक युवा नेता ने इस बार दिवाली कुछ अलग ही अंदाज में मनाई। उनका यह अंदाज अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
दरअसल, दिवाली के दिन कांग्रेस के युवा नेता ने पटाखों की जगह अपने रिवाल्वर से हवाई फायरिंग की। इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी पत्नी को भी रिवाल्वर थमा दिया, जिसके बाद पत्नी ने भी हवा में फायर किया। इस पूरी घटना की वीडियो भी बनवाई गई, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वीडियो में पति-पत्नी हंसते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि फायरिंग के दौरान महिला कुछ डरी हुई भी दिखाई दे रही है।
हालांकि, इस तरह सार्वजनिक रूप से हथियार से हवाई फायरिंग करना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। खासकर पत्नी को हथियार थमाकर फायरिंग करवाना भी सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय है। यदि महिला को हथियार चलाने का पूर्व अनुभव या प्रशिक्षण नहीं था, तो इस तरह की लापरवाही किसी बड़ी घटना का कारण बन सकती थी।
आमतौर पर दिवाली के दिन लोग घरों की छतों और खुले स्थानों पर पटाखे जलाकर त्योहार मनाते हैं, लेकिन इस दंपती ने रिवाल्वर से फायरिंग कर अपनी दिवाली मनाई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। बावजूद इसके, हवाई फायरिंग करना कानून और सुरक्षा दोनों के लिहाज से गंभीर मामला माना जाता है।
वीडियो वायरल होने के बाद शहर में भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। अब सवाल यह उठ रहा है कि पुलिस इस मामले का संज्ञान लेकर क्या कार्रवाई करती है। अक्सर हवाई फायरिंग और हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करती रही है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बावजूद अब तक इस मामले में किसी कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में पुलिस की अगली कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।





