फरहाद अपहरण मामला: ग्राम प्रधान प्रतिनिधि के आरोपों पर परिजनों ने खोला मोर्चा, 30 लाख रुपये देकर छुड़ाने का दावा

फरहाद अपहरण मामला: ग्राम प्रधान प्रतिनिधि के आरोपों पर परिजनों ने खोला मोर्चा, 30 लाख रुपये देकर छुड़ाने का दावा
परिजनों ने नदीम अहमद पर लगाया अपहरण और 50 लाख रुपये से अधिक की फिरौती मांगने का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पाडली गुर्जर निवासी फरहाद के कथित अपहरण का मामला अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। मामले में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। रहीमपुर गांव के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नदीम अहमद की ओर से फरहाद के परिवार को लेकर दिए गए बयानों के बाद परिजनों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना पक्ष रखा और नदीम अहमद पर गंभीर आरोप लगाए।
फरहाद के भाई सावेज और जहांगीर आलम ने आरोप लगाया कि सात नवंबर को नदीम अहमद ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके भाई फरहाद का अपहरण किया था। परिजनों का दावा है कि फरहाद को छोड़ने के एवज में 50 लाख रुपये से अधिक की फिरौती मांगी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 30 लाख रुपये देने के बाद ही फरहाद को मुक्त कराया जा सका।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान परिजनों ने नदीम अहमद की ओर से परिवार की संपत्ति को लेकर किए गए दावों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के पास न तो एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है और न ही 500 बीघा से ज्यादा जमीन होने का दावा सही है। परिजनों के मुताबिक, परिवार के सदस्य पहले विदेशों में रहकर मेहनत-मजदूरी और कारोबार करते थे। वहां से अर्जित कमाई के बाद उन्होंने रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग व्यवसाय शुरू किए और मेहनत के दम पर संपत्ति बनाई।
परिजनों ने नदीम अहमद के खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज होने का दावा करते हुए पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके परिवार का कोई सदस्य किसी गलत गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
फिलहाल, इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि, अपहरण, फिरौती और अन्य आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। अब पुलिस की जांच और आधिकारिक कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।




