वाहन खरीदने के समय वीआईपी ट्रीटमेंट, सर्विस के लिए पहुंचने पर घंटों इंतजार!

वाहन खरीदने के समय वीआईपी ट्रीटमेंट, सर्विस के लिए पहुंचने पर घंटों इंतजार!
रुड़की के होंडा सर्विस सेंटर की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, छोटी समस्या के लिए भी ग्राहकों को करना पड़ रहा लंबा इंतजार
सर्विस एंट्री पर्ची के नाम पर 10 रुपये वसूलने का आरोप, ग्राहकों ने व्यवस्था पर जताई नाराजगी
रुड़की। जब कोई ग्राहक नया वाहन खरीदने के लिए शोरूम पहुंचता है तो उसे बेहतर सुविधाएं देने के साथ वीआईपी ट्रीटमेंट दिया जाता है। ग्राहक को वाहन पसंद कराने से लेकर उसकी खरीदारी पूरी होने तक चाय-पानी और अन्य सुविधाओं के लिए कर्मचारी तत्पर नजर आते हैं। लेकिन वाहन की बिक्री होने के बाद जब वही ग्राहक अपने वाहन की सर्विस कराने पहुंचता है तो उसे कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसा ही मामला रुड़की स्थित होंडा के सर्विस सेंटर को लेकर सामने आया है, जहां ग्राहकों ने सर्विस व्यवस्था और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
ग्राहकों की शिकायत है कि एक्टिवा में छोटी-मोटी खराबी आने पर जब वे उसे ठीक कराने सर्विस सेंटर पहुंचते हैं तो सबसे पहले एंट्री की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। इसके बाद अपनी बारी आने के लिए उन्हें काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। आरोप है कि कई बार छोटी सी समस्या के समाधान में भी घंटों का समय लग जाता है, जिससे ग्राहकों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है।
इतना ही नहीं, ग्राहकों ने सर्विस सेंटर पर एंट्री पर्ची के नाम पर 10 रुपये वसूलने का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि वाहन की सर्विस कराने के लिए पहुंचने वाले ग्राहकों से पर्ची के नाम पर अतिरिक्त रकम क्यों ली जा रही है, यह समझ से परे है। यदि यह शुल्क लिया जा रहा है तो इसकी स्पष्ट जानकारी और रसीद भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
ग्राहकों का कहना है कि वाहन बेचते समय शोरूम प्रबंधन जिस तत्परता और विनम्रता का परिचय देता है, वही व्यवहार सर्विस के दौरान भी दिखाई देना चाहिए। आखिर वाहन खरीदने के बाद उसकी देखभाल और सर्विस भी कंपनी की जिम्मेदारी का अहम हिस्सा है।
अब सवाल यह है कि क्या होंडा प्रबंधन ग्राहकों की इन शिकायतों को गंभीरता से लेकर सर्विस सेंटर की व्यवस्था में सुधार करेगा या फिर ग्राहकों को इसी तरह अपना कीमती समय गंवाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा?




