रामपुर चुंगी से 7 दिन पहले युवक को गाड़ी में उठाकर ले गए मामले में अभी तक नहीं मिला न्याय परिवार का आरोप

रामपुर चुंगी से 7 दिन पहले युवक को गाड़ी में उठाकर ले गए मामले में अभी तक नहीं मिला न्याय परिवार का आरोप
पीड़ित परिवार ने गंगनहर पुलिस पर लगाए कार्रवाई में देरी के आरोप, एसपी देहात से भी लगाई थी न्याय की गुहार
रूडकी गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में युवक के कथित अपहरण और मारपीट के मामले में सात दिन बीत जाने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं होने का आरोप सामने आया है। घटना में गंभीर रूप से घायल फरहाद का मेरठ स्थित अस्पताल में उपचार चल रहा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि मामले में पुलिस को तहरीर देने और उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, फरहाद का कथित तौर पर काली स्कॉर्पियो सवार कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया था। आरोप है कि इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के संबंध में परिजनों ने गंगनहर कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
परिजनों का कहना है कि कोतवाली स्तर पर सुनवाई नहीं होने पर उन्होंने एसपी देहात अभय सिंह से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी और न्याय की गुहार लगाई। एसपी देहात ने शिकायत की रिसीविंग देते हुए गंगनहर कोतवाली प्रभारी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद सात दिन गुजरने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि वह लगातार पुलिस अधिकारियों और कोतवाली के चक्कर काट रहा है, लेकिन अभी तक उनकी शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल फरहाद का मेरठ के अस्पताल में उपचार जारी है।
इस मामले में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने घटना की तहरीर दे दी है और उच्च अधिकारियों को भी मामले से अवगत करा दिया गया है, तो अब तक मुकदमा दर्ज क्यों नहीं किया गया? परिवार ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना होगा कि पुलिस के उच्च अधिकारी मामले का संज्ञान लेकर कब तक कार्रवाई करते हैं और पीड़ित परिवार को कब न्याय मिल पाता है।




