रामपुर चुंगी के पास दोपहिया वाहनों को बनाया निशाना

रुड़की में बाइक चोरों के हौसले बुलंद, रामपुर चुंगी के पास दोपहिया वाहनों को बनाया निशाना
नायरा पेट्रोल पंप के आसपास बाइक चोरी की वारदात को दिया अंजाम ,सीसीटीवी फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां कैद होने का दावा
रुड़की। शहर में बाइक चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में दोपहिया वाहन चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। ताजा मामला रामपुर चुंगी स्थित नायरा पेट्रोल पंप के आसपास का है, जहां चोरों ने रात के अंधेरे में बाइक चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, नायरा पेट्रोल पंप के सामने वाली गली से चोर एक मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हो गए। इसके अलावा पेट्रोल पंप के पास स्थित बैंक के ठेले के नजदीक पार्किंग में खड़ी एक अन्य बाइक को भी निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई है। लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र के वाहन स्वामियों में चिंता बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि बाइक चोरी की इन वारदातों से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। फुटेज में कथित तौर पर संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं। वहीं, कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें संदिग्धों के चेहरे दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। ऐसे में यदि पुलिस इन फुटेज और तस्वीरों को गंभीरता से खंगालती है तो आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
गौरतलब है कि गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में पहले भी दोपहिया वाहन चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद वाहन चोरों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब देखना यह होगा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर कब तक उन्हें गिरफ्तार कर पाती है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी हुए वाहनों की बरामदगी की मांग की है।




